गलगलिया में गृहभेदन कांड का 24 घंटे में उद्भेदन, एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गलगलिया में गृहभेदन कांड का 24 घंटे में उद्भेदन, एक गिरफ्तार


किशनगंज, 25 नवंबर (हि.स.)। गलगलिया थाना क्षेत्र के खोषीडांगी में हुई गृहभेदन की घटना का किशनगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नकदी भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, खोषीडांगी वार्ड संख्या-12 निवासी महादेव महतो ने 24 नवंबर 2026 को गलगलिया थाने में आवेदन देकर बताया था कि शाम करीब 6:30 बजे वह परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गया था। रात करीब 9:30 बजे लौटने पर घर की अलमारी का ताला टूटा मिला। अज्ञात चोरों ने अलमारी से करीब 25 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 116/26, दिनांक 24.11.2026, धारा 303(2), 305(a) एवं 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए रौनक कुमार, पिता मोतीलाल महतो, निवासी खोषीडांगी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए।

बरामद सामान में सोने जैसी धातु के दो झुमके, दो कान के टॉप, दो बालियां, एक मंगटीका, एक नोजपिन और 540 रुपये नकद शामिल हैं। बुधवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। छापेमारी दल में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंत, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक, गलगलिया थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story