बंद घर का ताला तोड़ 50 हजार नकद समेत सामान की चोरी, प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
बंद घर का ताला तोड़ 50 हजार नकद समेत सामान की चोरी, प्राथमिकी दर्ज


किशनगंज, 01 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के लहरा चौक के समीप एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी समेत हजारों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली।मामले को लेकर गृहस्वामी ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लहरा चौक निवासी मोहम्मद सोहेल रजा अहमद 28 मई को बकरीद पर्व के अवसर पर अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इस दौरान उनका घर बंद था।

उन्होंने बताया कि 30 मई को जब वह वापस अपने घर लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और चोरी होने का पता चला। गृहस्वामी के अनुसार चोरों ने घर में रखे 50 हजार रुपये नकद, गैस सिलेंडर, मोटर सहित अन्य उपयोगी सामानों की चोरी कर ली।

घटना के बाद उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी ली, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस संबंध में मोहम्मद सोहेल रजा अहमद ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी सोमवार को दर्ज की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है तथा जल्द ही चोरी की घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story