बजट सत्र : विधानसभा में विधायक निधि फंड बढ़ाने की मांग पर विधायकों ने खोला मोर्चा
बिहार,23 फ़रवरी (हि.स.)।बिहार विधानसभा में सोमवार को विधायक निधि फंड बढ़ाने की मांग पर सत्ताधारी दलों के विधायकों ने ही नीतीश सरकर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सभी सदस्यों ने एक साथ खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
इस दौरान सत्ता और विपक्ष दोनों ओर के विधायक इस मुद्दे पर एकजुट हो गए। सदन में इसे लेकर काफी देर तक नारेबाजी होती रही जिसके बाद पहले मंत्री विजेंद्र यादव और फिर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को आश्वासन देना पड़ा।
दरअसल, विधायक निधि की मौजूदा राशि को बढ़ाने की मांग से जुड़ा सवाल भाजपा के प्रमोद कुमार ने उठाया।
इस पर मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि फ़िलहाल राशि बढ़ाने का कोई विचार नहीं है। इस पर एक साथ कई विधायक अपनी जगह पर खड़े हो गए और इसे क्षेत्र के विकास में बाधक बताया। भाजपा के नीरज बबलू ने भी जोरदार तरीके से निधि बढ़ाने का मुद्दा उठाया।
मंत्री विजेंद्र यादव ने फिर कहा कि अगर सांसद का फंड बढ़ेगा तो हम यहां भी बढ़ाएंगे। उनके इस जवाब से सत्ता और विपक्ष दोनों ओर के विधायक एक साथ सदन में खड़े होकर हंगामा करने लगे। सरकार की ओर से उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सदस्यों की मांग पर मंत्री गम्भीरता से विचार करेंगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस पर चर्चा की जाएगी। बिहार में मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विकास योजना के तहत विधायकों को अभी हर साल 4 करोड़ रुपये अनुशंसा के लिए मिलता है।
राजद ने जहरीली शराब पर सरकार से जवाब मांगा
बिहार विधानसभा में जहरीली शराब से हो रही मौत का मामला राजद विधायक रणविजय साहू ने कार्य स्थगन के माध्यम से सदन में उठाया। कहा कि 2016 से अब तक बिहार में 300 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। सरकार को सदन में इस पर चर्चा करनी चाहिए और जवाब देनी चाहिए।
सदन में मठ मंदिरों के घेराबंदी पर हंगामा
बिहार में बिना धार्मिक न्यास परिषद से निबंध मठ मंदिरों के घेराबंदी और चार दिवारी निर्माण का सवाल सदन में उठा। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सरकार से सवाल पूछा। उन्होंने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से मठ मंदिरों के चार दिवारी और घेराबंदी के निर्माण करने की मांग की। इस पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि, बिना धार्मिक न्यास बोर्ड में निबंधित मठ मंदिरों की घेराबंदी का सरकारी तौर पर नहीं किया जा सकता है।
भाजपा के सुनील कुमार ने पूछा, जब कब्रिस्तानों की घेराबंदी हो सकती है तो मठ मंदिरों की घेराबंदी निर्माण क्यों नहीं? कब्रिस्तान के घेराबंदी के कारण बिहार शरीफ के गगन दीवान में रांची रोड सड़क अवरुद्ध हो गया है। अल्पसंख्यकों के कब्रिस्तान के घेराबंदी की जाती है लेकिन बहुसंख्यक के लिए मंदिरों की घेराबंदी के लिए धार्मिक न्यास बोर्ड के निबंधित होने अनिवार्य क्यों?
एक भी एथेनॉल प्लांट बंद नहीं होंगे
बिहार सरकार
बिहार विधानसभा में एक सवाल के जवाब में एक बार फिर से डॉ दिलीप जायसवाल ने कहा कि, बिहार में एक भी एथेनॉल प्लांट बंद नहीं होगा।
बिहार विधानसभा में बाढ़ के प्रसिद्ध मिठाई खोबी लाई के जी आई टैग का मामला उठा। बाढ़ के विधायक सियाराम सिंह ने बाढ़ के खोबी लाई को जीआई टैग दिलाने को लेकर सदन में सवाल पूछा। जवाब में उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की तरफ से देने के बाद अध्यक्ष प्रेम कुमार ने गया जी के तिलकुट को जीआई टैग देने की मांग की। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बड़हिया के रसगुला की भी चर्चा की।
इस पर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि आपने कभी रसगुल्ला खिलाया नहीं है। इस पर सदन में जोरदार ठहाका लगा। जिसके बाद हर इलाके के सदस्य अपने-अपने इलाके की मिठाई को टैग देने की मांग करने लगे। राजद के भाई वीरेंद्र ने कहा कि मनेर का लड्डू को भी जी आई टैग मिले। जवाब में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि, हर इलाके के विधायक अपने इलाके की मिठाई का नाम बता दें। जीआई टैग दिलाने का काम किया जायेगा। इस पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा एक दिन, सब का प्रदर्शनी भी लगा दिया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि, ठीक है इसकी व्यवस्था की जाएगी।
सदन में पटना डबल मर्डर का जिक्र
बिहार विधानसभा में आज बार फिर बढ़ते अपराध पर हंगामा देखने को मिला। सदन में दो भाइयों की हत्या का मामला उठा। विपक्ष की ओर से आरजेडी ने पटना डबल मर्डर का जिक्र किया और इस मुद्दे पर नीतीश सरकार से जवाब मांगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

