बेतिया शिक्षा विभाग के सहायक अभियंता 5 लाख घूस लेते गिरफ्तार
बेतिया, 02 मार्च (हि.स.) बेतिया स्थित शिक्षा विभाग के सहायक अभियंता रौशन कुमार को पटना से आयी निगरानी की टीम ने पांच लाख रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। रौशन कुमार की गिरफ्तारी सोमवार की संध्या नगर के डाकबंगला रोड स्थित शिक्षा विभाग के गेट के समीप एक चाय के दुकान पर से की गयी है। निगरानी की टीम शिक्षा विभाग के मुख्य गेट को बंदकर विभाग में कागजातों को खंगालने में जुटी है।
रौशन कुमार लखीसराय जिला के निवासी है। बेतिया के एसडीपीओ-1 विवेक दीप ने बताया कि निगरानी की टीम ने शिक्षा विभाग के सहायक अभियंता रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी पटना से आये डीएसपी सुधीर कुमार के नेतृत्व में की गयी है। सूत्रों के अनुसार नौतन के रहीमपुर के रहने वाले ठेकेदार शम्श तबरेज ने नौतन प्रखंड के स्कूलों में मरम्मति का काम करवाया था। शम्श तबरेज को 57 लाख रुपये का भुगतान शिक्षा विभाग से पाना था।
सूत्रों के अनुसार सहायक अभियंता रौशन कुमार बिल भुगतान करने के लिए 10 प्रतिशत की राशि कमिशन में मांग रहे थे। घूस मांगने से तंग संवेदक ने इसकी शिकायत निगरानी के पटना कार्यालय में दर्ज करायी थी। वहां से एक टीम ने आकर आरोपों का सत्यापन किया था। टीम में शामिल एक कर्मी संवेदक के साथ सहायक अभियंता के पास गए थे तो उन्होंने कमिशन की मांग की थी। इसके बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर सोमवार की देर शाम सहायक अभियंता को पांच लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पूछ ताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

