हर घर तिरंगा के संदेश के साथ बीएसएफ ने निकाली भव्य साइकिल रैली

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा के संदेश के साथ बीएसएफ ने निकाली भव्य साइकिल रैली


किशनगंज, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) क्षेत्रीय मुख्यालय किशनगंज की ओर से भव्य साइकिल रैली निकाली गई।

सुबह छह बजे आयोजित इस रैली का शुभारंभ बीएसएफ के डीआईजी गणेश कुमार ने किया। रैली में बीएसएफ के 188 कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली में क्षेत्रीय मुख्यालय के अलावा 132वीं, 63वीं एवं 80वीं वाहिनी के कमांडेंट तथा जवानों ने भी भाग लिया। कमांडेंट (प्रशासन) रामचंद समेत अधिकारियों और जवानों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से साइकिल चलाते हुए लोगों को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

साइकिल रैली क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर से शुरू होकर स्टेडियम, खगड़ा चौक और विशाल मेगा मार्ट होते हुए वापस क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के साथ निकली रैली ने स्वतंत्रता दिवस के माहौल को और देशभक्तिमय बना दिया। रैली के माध्यम से आम लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय

भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। बीएसएफ जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया।

रैली के समापन अवसर पर डीआईजी गणेश कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और नागरिकों में राष्ट्रभावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और इसे सफल बनाने के लिए सभी को प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story