विक्रमशिला सेतु की मरम्मति को लेकर बीआरओ की 100 सदस्यीय टीम सक्रिय

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु की मरम्मति को लेकर बीआरओ की 100 सदस्यीय टीम सक्रिय


भागलपुर, 11 मई (हि.स.)। बिहार में सीमांचल के जिलों को दक्षिण बिहार के भागलपुर से जोड़ने वाली विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास आवागमन बहाल करने की दिशा में तेजी से काम शुरू हो गया है।

सीमा सड़क संगठन की भागलपुर पहुंचे करीब 100 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने युद्ध स्तर पर हालात का जायजा लिया। टीम फिलहाल सेतु के टूटे हिस्से से कुछ मीटर पहले अस्थायी बेली ब्रिज निर्माण की संभावना पर तकनीकी आकलन कर रही है, ताकि जल्द से जल्द यातायात दोबारा शुरू कराया जा सके।

बीआरओ की टीम ने पुल निगम के वरीय अधिकारियों और एसडीआरएफ जवानों के साथ बरारी घाट से नवगछिया तक विक्रमशिला सेतु के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान विशेषज्ञ इंजीनियरों ने पुल की संरचना, क्षति की गंभीरता और वैकल्पिक व्यवस्था की संभावनाओं का बारीकी से अध्ययन किया। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ अधिकारी से लेकर तकनीकी कर्मी तक शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने भी राहत एवं मरम्मत कार्य को लेकर पूरी सक्रियता दिखाई है। टीम के ठहरने, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि बीआरओ टीम को हर संभव सहयोग देने का निर्देश जारी कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि विशेषज्ञों की मेहनत और प्रशासनिक समन्वय से जल्द ही पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कर भागलपुर और नवगछिया की आवागमन सामान्य कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story