नहर पुल तोड़ने के दौरान हादसा, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नहर पुल तोड़ने के दौरान हादसा, मलबे में दबकर मजदूर की मौत


सीवान, 03 मई (हि.स.)। सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव के समीप शनिवार देर शाम उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब पुराने नहर पुल को तोड़ने के दौरान वह अचानक भरभराकर गिर पड़ा. इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए।

मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के खजुरी पूर्व टोला निवासी हरिचरण कुशवाहा के पुत्र व्यास कुशवाहा के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि व्यास कुशवाहा पिछले कई दिनों से एक ठेकेदार के साथ बेलौड़ी गांव में नए पुल के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। परिजनों के अनुसार, नए पुल के निर्माण के लिए पुराने पुल को तोड़ा जा रहा था। इस दौरान मजदूर सीमित संसाधनों के बीच काम कर रहे थे. अचानक पुल का एक हिस्सा ढह गया और कई मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक व्यास कुशवाहा की मौत हो चुकी थी।

घटना में घायल अन्य मजदूरों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद ठेकेदार के लोग मौके से फरार हो गए हैं।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना को लेकर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story