छपरा के गर्ल्स उच्च विद्यालय में खुल के पूछो कार्यक्रम का हुआ आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
छपरा के गर्ल्स उच्च विद्यालय में खुल के पूछो कार्यक्रम का हुआ आयोजन


छपरा के गर्ल्स उच्च विद्यालय में खुल के पूछो कार्यक्रम का हुआ आयोजन


सारण, 15 जुलाई (हि.स.)। शहर के गर्ल्स उच्च विद्यालय में एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा माहवारी जागरूकता अभियान के अंतर्गत 'चुप्पी तोड़ो, खुल के पूछो' कार्यक्रम का आयोजन बुधवार काे किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या किरण सिंह, संस्था के अध्यक्ष आदित्य सोनी और उपाध्यक्ष उज्जवल मिश्रा ने मुख्य वक्ता व प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नताशा सिंह को बिहार का प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर की।

मुख्य वक्ता डॉ. नताशा सिंह ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य सावधानियों और सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि माहवारी एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है, जिससे शर्माने या झिझकने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। संवादात्मक सत्र के दौरान छात्राओं ने भी खुलकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका डॉक्टर ने वैज्ञानिक व सरल तरीके से समाधान किया।

संस्था के अध्यक्ष आदित्य सोनी ने बताया कि यह कार्यक्रम किशोरियों में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए आयोजित किया गया था, जो जिलापाल संगीता नंदा का ड्रीम प्रोजेक्ट है। वहीं, उपाध्यक्ष उज्जवल मिश्रा ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान जारी रखने का संकल्प जताया। इस अवसर पर संस्था की ओर से स्कूल प्रबंधन को सैनिटरी पैड्स भी उपलब्ध कराए गए।

इस कार्यक्रम में कुंवर जायसवाल, अभिषेक किशोर, विकास गुप्ता, मनीष कुमार, विकास समर आनंद, आशुतोष पाण्डेय, अमित सोनी, लियो अभिषेक गुप्ता, निशा गुप्ता, कुमार अभिषेक, कृष्ण कन्हैया मिश्रा, लीलावती कुमारी आदि सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। अंत में प्राचार्या किरण सिंह ने इस सराहनीय पहल के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story