इंस्टाग्राम पर हथियार लहराना पड़ा महंगा, किशनगंज पुलिस ने दो युवकों को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
इंस्टाग्राम पर हथियार लहराना पड़ा महंगा, किशनगंज पुलिस ने दो युवकों को दबोचा


किशनगंज, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर देसी पिस्टल और कारतूस के साथ फोटो-वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। किशनगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर कनकई नदी के किनारे केले के थम के नीचे काले रंग की पॉलीथिन में छिपाकर रखे गए दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस देसी पिस्टल की बरामदगी के लिए नदी और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को इंस्टाग्राम अकाउंट ‘Loveyou302111’ पर दो युवकों के देसी पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो अपलोड किए जाने की सूचना मिली थी। मामले की जांच और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई तथा टेढ़ागाछ और कोढ़ोबाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान इंस्टाग्राम अकाउंट के धारक की पहचान टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के डुमरिया घाट निवासी सुधना कुमार के रूप में हुई। फोटो में उसके साथ दूसरा युवक रोहित कुमार निवासी डुमरिया घाट, भी पाया गया।

पुलिस टीम ने काशीबारी और डुमरिया घाट इलाके में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि विश्वकर्मा पूजा 2026 के दिन उन्होंने देसी पिस्टल और कारतूस के साथ फोटो-वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। फोटो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कथित तौर पर पिस्टल कनकई नदी में और कारतूस नदी किनारे फेंक दिए थे। उनकी निशानदेही पर तलाशी के दौरान एक जिंदा और एक मिसफायर कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 301/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026, के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों से हथियार रखने के स्रोत और अन्य संभावित संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई में जिला आसूचना इकाई और संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story