अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ सारण, जिलेभर में आयोजित हुए कार्यक्रम
सारण, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सारण जिले के लगभग सभी प्रखंडों में सरकारी एवं अर्ध-सरकारी शैक्षणिक संस्थानों, प्रशासनिक कार्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं की ओर से योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही पार्कों, खेल मैदानों, विद्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा जिला योगमय नजर आया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से लोगों को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
जिले के प्रमुख कार्यक्रमों में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने जलालपुर प्रखंड के हरपुर शिवालय परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
वहीं बनियापुर स्थित संत जलेश्वर एकेडमी में आयोजित योग शिविर में विधान पार्षद सच्चिदानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और उपस्थित लोगों के साथ योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने करो योग, रहो निरोग का संदेश देते हुए लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिला मुख्यालय छपरा के स्थानीय खेल भवन में आयोजित जिला स्तरीय योगाभ्यास शिविर में विधायक छोटी कुमारी ने भाग लिया। उन्होंने योगाभ्यास के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आत्मबल विकसित करने का प्रभावी साधन भी है।
विधायक ने लोगों से योग को नियमित रूप से अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर बेहतर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया।
शहर के राजेंद्र स्टेडियम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में योग को लेकर विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
इसके अलावा मारुति मानस मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। वहीं संस्कार भारती के तत्वावधान में नटराज कला केंद्र में आयोजित विशेष योग शिविर में कलाकारों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा योग के महत्व को समझा।
जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेंट्रल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित कई विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इन कार्यक्रमों में बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और रुचि का परिचय दिया।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक संतुलन बनाए रखने में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

