प्रतिभाओं की धरती बिहार की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं : अवधेश नारायण सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिभाओं की धरती बिहार की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं : अवधेश नारायण सिंह


प्रतिभाओं की धरती बिहार की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं : अवधेश नारायण सिंह


प्रतिभाओं की धरती बिहार की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं : अवधेश नारायण सिंह


-महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर महिला जनप्रतिनिधियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

पटना, 28 फरवरी (हि.स.)। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग की ओर से शनिवार को विधानसभा के विस्तारित भवन में बिहार विधानमंडल की महिला सदस्यों के लिए महिला सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर परिचर्चा एवं उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों को सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि बिहार प्रतिभाओं की धरती रही है और यहां की बेटियां कला, शिक्षा, राजनीति तथा प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानमंडल में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और पंचायती राज संस्थाओं में आरक्षण ने महिला नेतृत्व को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि सक्षम नेतृत्वकर्ता भी हैं। लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। समाज की कुरीतियों को समाप्त कर बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और अवसर सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इस मौके पर कहा कि विधायिका और कार्यपालिका के बीच बेहतर समन्वय से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है। महिला सशक्तिकरण राज्य के समग्र विकास का आधार है और इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार महिला सशक्तिकरण को विकास की मुख्यधारा में रखते हुए कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी प्रत्येक महिला तक पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

वहीं महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति एवं विधायक अश्वमेध देवी ने कहा कि महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका नीति निर्माण के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने में भी अहम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के उन्मुखीकरण कार्यक्रम योजनाओं की समझ को मजबूत करेंगे और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में मददगार साबित होंगे।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की गई तथा जनप्रतिनिधियों से जमीनी स्तर पर इनके बेहतर क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story