स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जनता के हित में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जनता के हित में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई


पटना, 20 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन बिहार विधानमंडल में अपने विचार रखे। बतौर मंत्री सदन में यह उनका पहला भाषण था, जिसमें उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर जनता के हित में काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

निशांत कुमार ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में उनके पिता (नीतीश कुमार) ने शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार के क्षेत्र में जो शानदार काम किए हैं, वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में उन कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार ने दलित, महादलित, पिछड़ा-अतिपिछड़ा, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं और बिहार को देश-दुनिया में एक मिसाल बनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही उनके पिता ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है,लेकिन उनका मार्गदर्शन हमेशा उनके साथ बना रहेगा।

सदन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जन्मदिन का जिक्र करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्षी सदस्यों ने भी स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।

सदस्यों की शुभकामनाओं के बाद निशांत कुमार ने सदन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने जिस आत्मीयता के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों का यह स्नेह उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर तरीके से निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story