बिहार के वैशाली में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, हादसे में 4 कर्मचारी घायल

WhatsApp Channel Join Now

वैशाली, 10 सितम्बर (हि.स.)। बिहार में वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में एनएच-139 डब्ल्यू फोरलेन पर गुरुवार को निर्माणाधीन पुल का भारी लॉन्चर अचानक गिर गया। इस हादसे में 4 कर्मचारी घायल हुए हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया, जिनमें से 3 घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 डबल्यू पर कराए जा रहे पुल निर्माण कार्य के दौरान आज (10 सितंबर) लॉन्चर शिफ्टिंग की प्रक्रिया के समय पुल का भारी लॉन्चर अचानक गिर गया। घटना में कार्यस्थल पर मौजूद 4 श्रमिक घायल हुए हैं। पुल के स्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

एनएचएआई ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद सभी घायल श्रमिकों को त्वरित चिकित्सा सहायता हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका समुचित इलाज जारी है। परियोजना टीम द्वारा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। एनएचएआई परियोजना की उच्च गुणवत्ता, कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और समयबद्ध निर्माण के प्रति पूर्णत प्रतिबद्ध हैं। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story