मुजफ्फरपुर : सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत, बचाने उतरा तीसरा मजदूर बेहोश

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 14 सितंबर (हि.स.)। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों को बचाने के लिए टैंक में उतरा एक अन्य मजदूर भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासी मुन्ना गुप्ता के नवनिर्मित मकान में करीब 15 दिन पहले सेप्टिक टैंक की ढलाई हुई थी। सोमवार सुबह टैंक के अंदर लगी सेंट्रिंग खोलने के लिए मजदूर सोनू कुमार, निवासी अली नेउरा, मीनापुर, टैंक में उतरा। अंदर जाते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा।

सोनू को बचाने के लिए ठेकेदार मोहम्मद जहांगीर भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया और बेहोश होकर टैंक के अंदर गिर पड़ा। दोनों को बेहोश देख तीसरे मजदूर दिनेश कुमार ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।

स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से तीनों को टैंक से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक सोनू कुमार और मोहम्मद जहांगीर की मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है।

घायल दिनेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिकंदरपुर थाना प्रभारी रवि भूषण ने बताया कि प्रथम दृष्टया बंद सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दोनों मजदूरों की मौत होने की आशंका है। पुलिस निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story