बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने संभाला कार्यभार, विभागीय योजनाओं की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने संभाला कार्यभार, विभागीय योजनाओं की समीक्षा की


पटना, 11 मई (हि.स.)। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सोमवार देर अपराह्न विकास भवन, नया सचिवालय, पटना स्थित खेल विभाग का कार्यभार संभाला और विभागीय गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लिया।

बैठक के दौरान उन्होंने राज्य में संचालित एकलव्य खेल केंद्रों की समीक्षा की और बिहार की खेल नीति को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति ही समग्र खेल विकास की आधारशिला है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन से बिहार में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को प्रारंभिक स्तर से तैयार करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने प्रत्येक जिले में “डिस्ट्रिक्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” के रूप में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

श्रेयसी सिंह ने यह भी कहा कि यदि बिहार को खेल के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र (स्पोर्ट्स हब) के रूप में विकसित करना है, तो मजबूत जिला स्तरीय ढांचा तैयार करना अनिवार्य है। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति और अपने कार्यभार ग्रहण से पूर्व लंबित मुद्दों की भी विस्तृत समीक्षा की।

इसके साथ ही उन्होंने राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल को भविष्य की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया। उन्होंने इस दिशा में एक विस्तृत गाइडलाइन तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि पीपीपी मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू कर खेल विकास की गति को तेज किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story