संजय सरावगी ने कपूर, रुद्राक्ष और महोगनी के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पटना, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पटना स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित इस कार्यक्रम के दौरान संजय सरावगी ने कपूर, रुद्राक्ष और महोगनी के पौधे लगाए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा एक गंभीर और वैश्विक विषय बन चुका है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बनाने में अपना योगदान दे।
संजय सरावगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश भर के 501 बूथों से भाजपा कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और पौधारोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी इसी सोच का हिस्सा है, जो लोगों को प्रकृति के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही जीवनदायिनी हैं, इसलिए उनके प्रति सम्मान और संरक्षण का भाव समाज में विकसित होना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वृक्ष केवल हमें ऑक्सीजन देने का कार्य नहीं करते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, तापमान नियंत्रण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।
संजय सरावगी ने कहा कि बिहार भाजपा पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व के रूप में देखती है। पार्टी के कार्यकर्ता लगातार पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे डिजिटल जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरणीय जागरूकता को भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें।
संजय सरावगी ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से बिहार को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दालसनिया, विधायक संजीव चौरसिया, प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल और प्रीति शेखर, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय एवं अनामिका पासवान, प्रदेश मंत्री सुषमा साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, पूर्व वार्ड पार्षद पिंकी कुमारी, राजीव रंजन, मनोज सिंह, पंकज गुड्डू, दीपू चंद्रवंशी, कुणाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

