सैयद अता हसनैन को बिहार और नंदकिशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल बनाए जाने पर संजय सरावगी ने दी बधाई
पटना, 06 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादर को नागालैंड का राज्यपाल बनाए जाने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी रहे हैं। उन्होंने अपने लगभग 40 वर्षों के सैन्य करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में उनकी भूमिका को बेहद अहम माना जाता है। उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में उनकी रणनीति और नेतृत्व की काफी सराहना हुई है।
उन्होंने कहा कि सेना में उनका करियर उत्कृष्ट नेतृत्व, रणनीतिक सोच और राष्ट्रसेवा के लिए जाना जाता है। सेवानिवृत्ति के बाद भी सैयद अता हसनैन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे और वर्ष 2018 में उन्हें कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय का कुलाधिपति बनाया गया, जहां उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाईं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सैयद अता हसनैन का प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा की भावना बिहार के लिए लाभकारी साबित होगी। उनके दूरदर्शी नेतृत्व से राज्य को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने ईश्वर से उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
संजय सरावगी ने साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी बधाई दी। उन्होंने इस निर्णय के लिए केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने “बिहार की मिट्टी के लाल” और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष को उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव के आधार पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने कहा कि नंदकिशोर यादव कई विभागों के सफल मंत्री रह चुके हैं और भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नंदकिशोर यादव जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को सम्मान देना भाजपा की परंपरा रही है और यह निर्णय उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का उदाहरण है। उन्होंने दोनों नेताओं को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

