श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर भागलपुर में समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर भागलपुर में समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश


भागलपुर, 31 मई (हि.स.)। भागलपुर समाहरणालय परिसर स्थित समीक्षा भवन में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों एवं अन्य विकास योजनाओं को लेकर रविवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेला-2026 की सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही मेले के दौरान चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सुईया, कटोरिया, चानन सहित कांवरिया पथ पर स्थित धर्मशालाओं को चेन सिस्टम के तहत व्यवस्थित कर उन्हें पर्यटन नीति से जोड़ने की बात कही। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी धर्मशालाओं को पीपीपी मोड पर व्यवस्थित किया जाए ताकि वे वर्षभर सक्रिय और उपयोगी रह सकें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सुल्तानगंज, तारापुर, बेलहर, सुईया, कटोरिया, चानन सहित प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि कांवरिया पथ पर बिजली के जर्जर तारों को मेला शुरू होने से पहले बदला जाए और रास्तों को सुगम बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि 15 जून तक सभी बंद पड़े चापाकलों को चालू किया जाए तथा आपदा की स्थिति में माइकिंग प्रणाली को सक्रिय रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर अलर्ट किया जा सके। साथ ही सभी निर्माण कार्यों में तूफान एवं वज्रपात जैसे जोखिमों को ध्यान में रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने फूड क्वालिटी की नियमित और रैंडम जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कांवर यात्रा मार्गों और गंगा घाटों पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण जैसे सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं।

बैठक में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अजय कुमार मंडल, सांसद गिरधारी यादव, विधायक मिथुन कुमार, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक शुभानंद मुकेश, विधायक रोहित पाण्डेय, विधायक मुरारी पासवान, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह, विधान पार्षद डॉ एनके यादव, विधान पार्षद डॉ संजीव कुमार सिंह सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी जुड़े हुए थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story