बिहार के 10 जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now


पटना, 24 जुलाई (हि.स.)। बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ती नजर आ रही है। हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए बिहार के 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार इन जिलों में दिन भर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, सीवान, सारण, पटना, भोजपुर और रोहतास में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, बिहार के अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश की कमी के कारण दिन भर तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मानसून की गतिविधियों में फिर से तेजी आने की संभावना है, जिससे राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश का दायरा बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, जबकि उमस और गर्मी के बीच पर्याप्त पानी पीने तथा अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और आम नागरिकों से भी मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story