रामनगर में खुला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now
रामनगर में खुला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत


रामनगर (प.चंपारण), 13 अप्रैल (हि.स.)। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के अंतर्गत रामनगर में सोमवार को पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस नए केंद्र के शुरू होने से वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र और आसपास के दूरदराज इलाकों के निवासियों को पासपोर्ट से जुड़ी सेवाएं अब उनके नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी।

इस केंद्र का उद्घाटन वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार और विदेश मंत्रालय की सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन (आईएफएस) ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में लौरिया के विधायक विनय बिहारी, बगहा के विधायक राम सिंह, रामनगर के विधायक नंद किशोर राम सहित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के परियोजना प्रमुख और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

नव स्थापित यह पीओपीएसके देश का 454वां और बिहार का 38वां केंद्र है, जिसे रामनगर स्थित उप डाकघर में स्थापित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं सरल, पारदर्शी और सुलभ तरीके से उपलब्ध कराना है।

इस केंद्र के माध्यम से नागरिक नए पासपोर्ट के लिए आवेदन, पुराने पासपोर्ट का नवीनीकरण तथा पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) जैसी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। यहां प्रतिदिन 45 पासपोर्ट और 5 पीसीसी अपॉइंटमेंट स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र योजना, विदेश मंत्रालय और डाक विभाग के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जिसका उद्देश्य देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पासपोर्ट सेवाएं पहुंचाना है। वर्तमान में देशभर में 37 पासपोर्ट कार्यालयों के अधीन 454 पीओपीएसके और 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं। इस तरह पूरे भारत में कुल 547 पासपोर्ट सेवा केंद्रों का मजबूत नेटवर्क तैयार हो चुका है।

इस पहल से क्षेत्र के हजारों लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए दूर-दराज शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story