21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री की जनसभा होगी ऐतिहासिक : विजय चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री की जनसभा होगी ऐतिहासिक : विजय चौधरी


21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री की जनसभा होगी ऐतिहासिक : विजय चौधरी


-‘नीतीश सेतु’ नामकरण बिहारवासियों के दिल को छूने वाला और सम्मान देने वाला निर्णय - बिहारवासियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

पटना, 17 नवंबर (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आगामी 21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा ऐतिहासिक होगी। इसको लेकर वैशाली सहित पूरे बिहार में उत्साह का माहौल है। लोग प्रधानमंत्री के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बिहारवासियों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

प्रदेश जदयू कार्यालय में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए विजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। आर्थिक और सामरिक क्षेत्रों में देश की निरंतर प्रगति उनके नेतृत्व की प्रभावशीलता को दर्शाती है। इसी तरह बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों और विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ करने का निर्णय बिहारवासियों के दिल को छूने वाला और उन्हें सम्मान देने वाला है। यह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आदर और राज्य के विकास में उनके योगदान का सम्मान है। उन्होंने इस पुल की आधारशिला रखने के साथ ही निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा की थी। कई बार निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश भी दिया था।

विजय चौधरी ने कहा कि वह स्वयं भी कई अवसरों पर नीतीश कुमार के साथ निर्माण स्थल पर मौजूद रहे हैं। नीतीश कुमार ने बिहार की अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना में जो ऐतिहासिक एवं दूरगामी बदलाव किए हैं, उन्हें प्रदेश के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुलों का नामकरण महापुरुषों के नाम पर किया गया है। इस कड़ी में जेपी सेतु, महात्मा गांधी सेतु और राजेंद्र सेतु के साथ ‘नीतीश सेतु’ का जुड़ना गौरव की बात है। यह नामकरण बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान और उनकी राजनीतिक पहचान को सम्मान देने का प्रतीक है।

उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि बिहार में विकास की चर्चा नीतीश कुमार के योगदान के बिना पूरी नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी लगातार स्पष्ट करते रहे हैं कि वर्तमान सरकार उनकी नीतियों और कार्यक्रमों को आधार बनाकर राज्य के विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

उन्होंने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री का हाजीपुर दौरा इसी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के शुरू होने से विशेष रूप से इस क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर और दक्षिण बिहार के लोगों को आवागमन और संपर्क सुविधा के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलेगा। विजय चौधरी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की यह जनसभा बिहार के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778442 Articles

Share this story