नारी शक्ति का सम्मान ही देश का स्वाभिमान : श्रेयसी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति का सम्मान ही देश का स्वाभिमान : श्रेयसी सिंह


पटना, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेत्री एवं बिहार सरकार की आईटी व खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने शनिवार को राजधानी पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित “नारी शक्ति सम्मान-देश का स्वाभिमान” विषयक पत्रकार वार्ता में कहा कि नारी शक्ति का सम्मान ही देश का असली स्वाभिमान है।

उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले ने महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए जो संघर्ष किया था, आज नए भारत में उनका सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

मंत्री ने बताया कि बिहार सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। वर्ष 2013 से बिहार पुलिस में भर्ती के दौरान महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है, जिसके कारण राज्य में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या देश में सबसे अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि बिहार पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने वाला देश का पहला राज्य है। वर्ष 2006 के इस निर्णय ने जमीनी लोकतंत्र में महिला नेतृत्व को मजबूत किया है और आज महिला जनप्रतिनिधि गांव-गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास को नई दिशा दे रही हैं।

भारतीय जनता पार्टी की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महिलाओं को सक्रिय और सम्मानजनक भागीदारी दी जाती है। महिला मोर्चा देशभर में नारी सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कार्य कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों के दौरान मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें इस बात का प्रमाण हैं कि भारत की महिलाएं अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और देश के विकास में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं।

मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लागू करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी और आवाज को सशक्त बनाया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story