भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रदेश कार्यालय पहुंचे पवन सिंह, बोले- पार्टी मेरी मां, आजीवन करता रहूंगा सेवा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रदेश कार्यालय पहुंचे पवन सिंह, बोले- पार्टी मेरी मां, आजीवन करता रहूंगा सेवा


पटना, 06 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पवन सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।

पवन सिंह ने कहा, “प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को मैं दिल से प्रणाम करता हूं और उनका धन्यवाद करता हूं। भाजपा मेरे लिए केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह मेरे लिए मां और परिवार के समान है। मैं भाजपा परिवार का सच्चा सेवक हूं और जीवनभर पार्टी तथा समाज की सेवा करता रहूंगा।”

उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर है। पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसके लिए सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।

भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व के मार्गदर्शन में जनता के बीच जाकर संगठन को और मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

पवन सिंह आगामी 8 जून को बिहार विधान परिषद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनके नामांकन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इनमें पवन सिंह के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को भी उम्मीदवार बनाया गया है। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद राज्य की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न राजनीतिक दल चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story