बिहार के रक्सौल काे मिला इंटरनेशनल कनेक्टिविटी का तोहफा, प्रस्तावित हवाई अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर जारी

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के रक्सौल काे मिला इंटरनेशनल कनेक्टिविटी का तोहफा, प्रस्तावित हवाई अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर जारी


पटना, 06 मई (हि.स.)। बिहार को जल्द ही एक और बड़ा एयरपोर्ट मिलने वाला है। इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सरकार ने रक्सौल में प्रस्तावित हवाई अड्डे के नवनिर्माण को लेकर टेंडर जारी कर दिया है। इस बात की आधिकारिक घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की। उन्होंने इसे बिहार के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद भी दिया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा है-

बिहार के लिए खुशखबरी, प्रधानमंत्री @narendramodi

जी को धन्यवाद!

रक्सौल हवाई अड्डा के नवनिर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया।️

राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रक्सौल हवाई अड्डे के रनवे, एप्रन, टैक्सीवे सहित एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण हेतु इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर जारी किया गया। ये परियोजना चंपारण क्षेत्र में हवाई यात्रा के आवागमन को सुगम बनाएगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देगी।

डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ,

बिहार अब विकास की नई ऊँचाइयों को छूने के लिए तैयार है।

रक्सौल बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में स्थित एक सीमावर्ती शहर है, जाे नेपाल की सीमा से सटा हुआ है। ऐसे में यहां एयरपोर्ट का विकास रणनीतिक और आर्थिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story