पटना में मानसून की तैयारियों को लेकर सांसद रविशंकर प्रसाद ने नगर विकास मंत्री से की चर्चा
पटना, 26 मई (हि.स.)। पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने आगामी मानसून को देखते हुए बिहार के नव नियुक्त नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा से मंगलवार को विस्तार से बातचीत की। उन्होंने राजधानी पटना में जलजमाव और जल निकासी की समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए मंत्री से व्यक्तिगत निगरानी में सघन कार्रवाई कराने का आग्रह किया।
रविशंकर प्रसाद ने विशेष रूप से कहा कि पटना के सभी इलाकों, खासकर घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्रों में मेन हॉल की सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कंकड़बाग, कदमकुंआ, राजेंद्र नगर, श्रीकृष्णापुरी, श्रीकृष्णा नगर, पोस्टल पार्क, मीठापुर, राजवंशी नगर और पाटलिपुत्र कॉलोनी जैसे इलाकों का उल्लेख करते हुए कहा कि बरसात के दौरान इन क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।
सांसद ने सुझाव दिया कि जिन मेन हॉल की पूरी तरह सफाई हो चुकी है, उनका अलग से डाटा तैयार किया जाए और जिनकी सफाई बाकी है, उसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी निगरानी और जवाबदेही तय करने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी।
इसके अलावा रविशंकर प्रसाद ने पटना शहर में मौजूद सभी पंप और संप हाउस की वर्तमान ऑपरेटिंग स्थिति की समीक्षा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंपों के रखरखाव, पर्याप्त मैनपावर, ईंधन की उपलब्धता और तकनीकी कार्यक्षमता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सांसद ने शहर के छोटे-बड़े नालों की गाद सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि बरसात से पहले नालों की उड़ाही और सफाई पूरी कर ली जाए तो पानी का बहाव तेज होगा और जलजमाव की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
सांसद ने विशेष रूप से बादशाही पईन, सैदपुर-रामपुर नाला, राजीव नगर नाला, बाबा चौक और बाकरगंज जैसे बड़े नालों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराने का आग्रह किया। उनका कहना था कि इन बड़े ड्रेनेज चैनलों की समय पर सफाई नहीं होने से पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है।
रविशंकर प्रसाद ने मंत्री को यह भी बताया कि यदि इन छोटी लेकिन महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समय पर निगरानी की जाए तो बरसात में पानी जमा होने की स्थिति में भी उसका तेजी से निकास संभव हो सकेगा। इस पर मंत्री नीतीश मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं इन सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
सांसद ने बुडको द्वारा शहर में विभिन्न परियोजनाओं के तहत की जा रही सड़क कटिंग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नमामि गंगा योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की जाए और जहां-जहां सड़क काटी गई है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। अन्यथा मानसून के दौरान ये सड़कें दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन सकती हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी बरसात से पहले इन समस्याओं का समाधान करना बेहद जरूरी है, ताकि पटना के लोगों को हर वर्ष होने वाली जलजमाव और खराब सड़कों की परेशानी से राहत मिल सके। मंत्री नीतीश मिश्रा ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

