बिहार के डिजिटल हेल्थ मॉडल से प्रभावित हुआ मध्यप्रदेश, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने किया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 20 मई (हि.स.)। बिहार के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटाइजेशन का सकारात्मक प्रभाव अब दूसरे राज्यों को भी आकर्षित करने लगा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बुधवार को बिहार स्वास्थ्य विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा किया और यहां संचालित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।

उनके साथ मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य आयुक्त धनराजू एस तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी।

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने विशेष रूप से “भव्या पोर्टल” की कार्यप्रणाली, उसके संचालन और आम नागरिकों को मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि यह पोर्टल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी और सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से राज्यभर के अस्पतालों की मॉनिटरिंग व्यवस्था, लाइव सर्विलांस सिस्टम, शिकायत निवारण प्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की भी जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से अस्पतालों की निगरानी अधिक प्रभावी हुई है और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आया है।

राजेंद्र शुक्ला ने इस अवसर पर बिहार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की तकनीकी पहलें स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने में सहायक साबित हो सकती हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों तक बेहतर, त्वरित और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली को लगातार आधुनिक और प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story