'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' से महिलाओं को मिलेगा सशक्त प्रतिनिधित्व: मैथिली ठाकुर
मुजफ्फरपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला पूर्वी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रसिद्ध गायिका एवं भाजपा की विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने जा रहा है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने बताया कि नए (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) कानून के तहत लोकसभा, राज्यसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित की जाएंगी। यह पहल महिलाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी देने और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने के उद्देश्य से की गई है।
मैथिली ठाकुर ने इस फैसले को खासकर अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य वर्गों की महिलाओं के लिए एक बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि इससे वे समाज की मुख्यधारा में मजबूती से आगे आ सकेंगी।
उन्होंने कहा कि इस आरक्षण से महिला सशक्तिकरण को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में देश के विकास में महिलाओं की भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला कार्यालय में उत्साह का माहौल रहा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

