बिहार में 30 जुलाई से सक्रिय होगा मानसून, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 29 जुलाई (हि.स.)। राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा में 30 जुलाई से भारी बारिश हो सकती है।

31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच पटना, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, नालंदा, लखीसराय, बेगूसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, रोहतास, अरवल और अन्य कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

बारिश के सक्रिय होने के साथ ही अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान लगभग 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इससे उमस और गर्मी से राहत मिलेगी तथा मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो जाएगा।

हालिया मौसम आंकड़ों के अनुसार कैमूर जिले के भभुआ में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। दूसरी ओर अरवल जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान 57 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सबसे ज्यादा वर्षा रही। राजगीर में भी 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रोहतास, सीवान और फॉरबिसगंज सहित कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story