सारण-सिवान के कई प्रभावशाली नेता भाजपा में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
सारण-सिवान के कई प्रभावशाली नेता भाजपा में हुए शामिल


सारण-सिवान के कई प्रभावशाली नेता भाजपा में हुए शामिल


सारण-सिवान के कई प्रभावशाली नेता भाजपा में हुए शामिल


पटना, 24 जून (हि.स.)। बिहार की राजधानी पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित मिलन समारोह में सारण और सिवान की राजनीति से जुड़े कई प्रभावशाली नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने दावा किया कि इन नए साथियों के जुड़ने से दोनों जिलों में संगठन को नई शक्ति मिलेगी और पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।

समारोह में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेत्री लीलावती गिरी, लोक जनशक्ति पार्टी (पारस गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल, छात्र लोजपा (पारस) के नेता राहुल यादव सहित सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। नवागंतुकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी के साथ जुड़ने की घोषणा की।

बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा आज देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन, गरीब कल्याण तथा राष्ट्रीय गौरव के नए मानक स्थापित कर रहा है।

डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि सारण और सिवान की धरती ऐतिहासिक, वैचारिक और राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। यह क्षेत्र देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित अनेक महान विभूतियों की कर्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्र से बड़ी संख्या में नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भाजपा से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता विकास, स्थिरता और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में खड़ी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं और कार्यों के प्रति जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इसी विश्वास के कारण विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

पूर्व मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि सारण और सिवान में भाजपा का बढ़ता विस्तार केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत नहीं है, बल्कि यह जनता के बदलते राजनीतिक विश्वास का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में भाजपा और अधिक सशक्त रूप से उभरेगी।

मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संगठन में सम्मानजनक भूमिका मिलेगी तथा उनके अनुभव और योगदान का पूरा उपयोग किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवागंतुक नेताओं के जुड़ने से पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष लीलावती गिरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल, छात्र नेता राहुल यादव, पूर्व प्रमुख कृष्णा पांडेय (सिवान सदर), पूर्व प्रमुख बिनोद सिंह (रघुनाथपुर), डॉ. धीरन कुमार, डॉ. अनिता, मुखिया मिंटू तिवारी (पपऊर, पचरुखी), मुखिया संतोष यादव (बरहन गोपाल, सिवान सदर), मुखिया उपेंद्र यादव (बाघड़ा, सिवान सदर), राजद के वरिष्ठ नेता रंजीत यादव, पूर्व मुखिया मुन्नापाल (पकड़ी पंचायत, बड़हरिया), इंद्रपाल मेहता (बिंदुसार), बलिस्टर कुशवाहा (गुठनी), युवा नेता मूर्ति पासवान (महादेवा), समाजसेवी रश्मि कुमारी और रोमी कुमारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेता शामिल रहे।

समारोह का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल ने किया। समारोह में दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह व्यास, सिवान जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी प्रभात मालाकार, कार्यालय मंत्री विनय केसरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story