पुत्र की ‘‘फ्लाॅप राजनीति’’ से हताश हैं सोनिया गांधी, नीतीश कुमार पर अनर्गल टिप्पणी बर्दाश्त नहीं: उमेश सिंह कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 11 नवंबर (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड(जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा अपनी आत्मकथा में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने बुधवार काे इसे सोनिया गांधी का ‘‘राजनीतिक दिवालियापन’’ करार देते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि बेदाग छवि वाले युगपुरुष नीतीश कुमार को सोनिया गांधी के ‘‘राजनीतिक प्रमाणपत्र’’ की आवश्यकता नहीं है। कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार का चार दशकों से भी अधिक का राजनीतिक और सामाजिक जीवन सादगी, सौम्यता, शालीनता और शुचिता की मिसाल रहा है। लंबे समय तक सत्ता के शीर्ष पर रहने के बावजूद उन पर भ्रष्टाचार का एक आने का भी आरोप नहीं लगा है। इसके विपरीत, सोनिया गांधी का परिवार आज देश में भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा प्रतीक बन चुका है।

उमेश कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक कद इतना विराट और बेदाग है कि उनके व्यक्तित्व पर छींटाकशी करने का नैतिक अधिकार कांग्रेस के किसी भी नेता के पास नहीं है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपने ‘‘राजनीतिक वारिस’’ की बारंबार विफल हो रही ‘‘लाॅन्चिंग’’ से सोनिया गांधी भारी कुंठा और बौखलाहट से ग्रस्त हैं। अपनी दलगत विफलताओं और जनाधार-विहीन होते नेतृत्व पर पर्दा डालने के लिए दूसरों पर अनर्गल आरोप गढ़़ना अब कांग्रेस की राजनीतिक फितरत बन गई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार जैसे युगपुरुष पर अनर्गल टीका-टिप्पणी बिहार और देश की जनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी और इसका राजनीतिक खामियाजा निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी को भुगतना पडे़गा।

उन्होंने कहा कि यदि देश की सबसे पुरानी पार्टी आज राजनीतिक रसातल में जा रही है, तो इसका एकमात्र कारण गांधी परिवार का एकाधिकारवादी रवैया है। देश भर में कांग्रेस का जनाधार पूरी तरह से सिमट चुका है। यदि पार्टी का यही अलोकतांत्रिक और अमर्यादित राजनीतिक आचरण जारी रहा, तो आगामी समय में कांग्रेस केवल इतिहास के पन्नों में सिमटकर रह जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story