नालंदा मंदिर भगदड़ पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक, पीड़ितों के प्रति व्यक्त की संवेदना

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा मंदिर भगदड़ पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक, पीड़ितों के प्रति व्यक्त की संवेदना


पटना, 31 मार्च (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हादसे को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इससे समाज के सभी लोग मर्माहत हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही, उन्होंने हादसे में घायल सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की भी कामना की।

जारी बयान में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस कठिन समय में पार्टी और सरकार की संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं तथा सभी प्रभावितों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story