बांकीपुर में रिकाॅर्ड मतों से एनडीए की जीत तय, विपक्षी उम्मीदवारों के सामने जमानत बचाने का संकट: उमेश सिंह कुशवाहा

WhatsApp Channel Join Now
बांकीपुर में रिकाॅर्ड मतों से एनडीए की जीत तय, विपक्षी उम्मीदवारों के सामने जमानत बचाने का संकट: उमेश सिंह कुशवाहा


पटना, 24 जुलाई (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की बड़े अंतर से जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि इस बार जीत के सभी पुराने रिकाॅर्ड टूटेंगे और एनडीए की जीत का नया कीर्तिमान स्थापित होगा, जबकि विपक्षी उम्मीदवारों के सामने अपनी जमानत बचाने का संकट खड़ा है।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर के तमाम मतदाता जाति, धर्म और मजहब की बेड़ियों को तोड़कर एनडीए की विकास, सुशासन एवं जनकल्याण की नीतियों के पक्ष में एकजुट होकर मजबूती से खड़े हैं। एनडीए के सभी नेता एवं कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 20 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचा रहे हैं। जनसंपर्क अभियान को जिस प्रकार जनता का अभूतपूर्व समर्थन, स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है, वह एनडीए की लैंडस्लाइड विक्ट्री का साफ-साफ संकेत दे रहा है।

उमेश कुशवाहा ने विपक्ष को दिशाहीन करार देते हुए कहा कि उसके पास न कोई नीति है, न नेता और न ही जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस विजन है। विपक्ष केवल झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को बरगलाने की कोशिश में जुटा है, लेकिन बांकीपुर की जनता ने पिछले कई चुनावों में विपक्ष को सिरे से खारिज किया है और इस बार भी उसकी करारी हार तय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार विकास, सुशासन और जनविश्वास के प्रतीक हैं। दोनों नेताओं की दूरदर्शी नीतियों ने विकास की किरणें समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति तक पहुँचाई हैं तथा गरीबों, वंचितों और शोषितों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

बांकीपुर की जागरूक और प्रबुद्ध जनता मायावी एवं फरेबी ताकतों के बहकावे में कभी नहीं आने वाली है। झूठे दावों और खोखले वादों की राजनीति करने वालों का सफाया तय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story