निशांत के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति, आधुनिक एवं जनसुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का हो रहा विस्तार: उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 22 जुलाई (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, जनसुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत की उपस्थिति में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया ।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि इसके तहत राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए आईसीयू बेड, 70 वेंटिलेटर युक्त गहन चिकित्सा इकाइयों तथा 24×7 आपातकालीन सेवाओं की शुरुआत की गई है। इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सेवा का शुभारंभ किया गया है, जिससे किडनी रोगियों को इलाज के लिए दूर-दराज के बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही, दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए मेडिसिन वेयरहाउस का भी शुभारंभ किया गया है।
उन्हाेंने कहा कि पीपीपी माॅडल के तहत सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क पैथोलाॅजी सेवाएं भी प्रारंभ की गई हैं। प्रथम चरण में 11 हब लैब स्थापित की जाएंगी, जहां आधुनिक मशीनों के माध्यम से अधिकांश आवश्यक जांचें उपलब्ध होंगी। इससे आम लोगों को छोटी-बड़ी जांच के लिए निजी संस्थानों या दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने स्पष्ट किया है कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता बिहार के प्रत्येक नागरिक को आधुनिक, सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से राज्य में इमरजेंसी सेवाओं एवं बेड क्षमता के विस्तार का निर्णय लिया गया है। साथ ही, राज्यभर में उपलब्ध इमरजेंसी बेड की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक केंद्रीकृत साॅफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपयुक्त अस्पताल में उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सभी सरकारी अस्पतालों को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं आधुनिक मशीनों से सुसज्जित करने के निर्देश भी दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

