बिहार को औद्योगिक हब बनाने की नीतीश कुमार की परिकल्पना हो रही साकार : शंभू नाथ सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
बिहार को औद्योगिक हब बनाने की नीतीश कुमार की परिकल्पना हो रही साकार : शंभू नाथ सिन्हा


पटना, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रवक्ता शंभू नाथ सिन्हा ने शनिवार काे बयान जारी कहा कि बिहार बिजनेस कनेक्ट के तहत 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर हस्ताक्षर होना राज्य के प्रति निवेशकों और उद्यमियों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने इस बड़ी निवेश उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चाैधरी को बधाई देते हुए कहा कि बिहार अब औद्योगिक विकास और निवेश के एक उभरते केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार को औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दूरदर्शी परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी, जिसे वर्तमान एनडीए सरकार नई गति और विस्तार देने का काम कर रही है। राज्य में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने, आधारभूत संरचना विकसित करने और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब बड़े निवेश प्रस्तावों के रूप में सामने आ रहा है।

प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में प्रारंभ हुई ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट’ पहल राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है, जिसे वर्तमान सरकार और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार बिजनेस कनेक्ट-2024 के दौरान राज्य में 423 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए लगभग 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से संबंधित समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए थे। खाद्य प्रसंस्करण, विनिर्माण, वस्त्र, चमड़ा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश प्रस्तावों का सामने आना बिहार की औद्योगिक क्षमता, संसाधनों और निवेश के प्रति बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि बिहार बिजनेस कनेक्ट के तहत कुल निवेश प्रस्तावों में से लगभग 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित होना इस बात का संकेत है कि निवेशक बिहार को ऊर्जा उत्पादन और ऊर्जा आधारित उद्योगों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देख रहे हैं। सीवान एवं बांका में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना से संबंधित निवेश प्रस्ताव बिहार की ऊर्जा क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे राज्य की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने, बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि बिहार को निवेश, उद्योग, ऊर्जा उत्पादन और रोजगार सृजन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में हो रही प्रगति नीतीश कुमार की विकासपरक सोच और वर्तमान एनडीए सरकार के प्रयासों का परिणाम है। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की प्रभावी पहल के साथ बिहार आने वाले वर्षों में औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का काम करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story