चुनाव आयोग के खिलाफ तेजस्वी की अमर्यादित भाषा मानसिक दिवालियापन का प्रतीक : चंदन कुमार सिंह
पटना, 27 सितंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए रविवार काे कहा कि चुनाव आयोग जैसी सांविधानिक संस्था के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग उनके मानसिक दिवालियापन का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ तेजस्वी यादव ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है उसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि खुद को सुर्खियों में बनाए रखने के लिए आरजेडी नेता मीडिया में इस तरह की ओछी बयानबाजी करते हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की राजनीति में एक बात साफ तौर पर दिखाई देती है, जब संस्थाएं उनके राजनीतिक नैरेटिव के अनुसार दिखाई देती हैं तो सब ठीक, लेकिन जब संवैधानिक प्रक्रिया उनके मन मुताबिक नहीं होती तो संस्थाओं की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े कर दिए जाते हैं।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि विपक्ष के नेताओं के लिए शायद लोकतंत्र का अर्थ ही यह रह गया है कि फैसला पसंद आए तो संस्था निष्पक्ष और फैसला पसंद न आए तो संस्था कठघरे में।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी को चुनाव आयोग पर सवाल उठाने हैं तो प्रमाण और तथ्य के साथ उठाने चाहिए, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर कटाक्ष करके राजनीतिक सुर्खियां बटोरने की कोशिश लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत नहीं करती।
उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख और समझ रही है। जनता को यह भी मालूम है कि कौन लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा की बात करता है और कौन राजनीतिक असहमति को संस्थाओं पर ओछी बयानबाजी में बदल देता है।
उन्होंने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने की बजाय उन्हें अपने राजनीतिक कार्यक्रम, नीतियों और जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करनी चाहिए। लोकतंत्र में सवाल पूछने का अधिकार सबको है, लेकिन सवाल पूछने और संस्थाओं का मजाक बनाने के बीच की मर्यादा भी समझनी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

