विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत पक्की: चंदन कुमार सिंह

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 11 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने रविवार काे बयान जारी कर कहा कि विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत पूरी तरह से सुनिश्चित है। नीरज कुमार केवल पार्टी के समर्पित नेता ही नहीं हैं, बल्कि स्नातक मतदाताओं के बीच अपने जुड़ाव और जनता से जुड़े मुद्दों को निरंतर उठाने के कारण उनके बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं।

उन्होंने कहा कि नीरज कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान स्नातकों, युवाओं, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को विधान परिषद के पटल पर पूरी मजबूती के साथ रखा है। उनका हमेशा से जोर नीतिगत सुधारों, उच्च शिक्षा के विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों और स्नातक क्षेत्र के समग्र विकास पर रहा है। अपने कार्यों, स्पष्ट दृष्टिकोण और सुलभ स्वभाव की वजह से पूरे निर्वाचन क्षेत्र में उनके प्रति स्नातक मतदाताओं का अपार जनसमर्थन और विश्वास देखने को मिल रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के जागरूक मतदाता एक बार फिर विकास, अनुभव और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि नीरज कुमार के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासोन्मुखी राजनीतिक विरासत है। नीतीश कुमार ने सुशासन और विकास कार्यों का लाभ सीधे तौर पर हर वर्ग तक पहुंचने का काम किया, चाहे रोजगार हो,शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, महिला सशक्तिकरण हो नीतीश कुमार ने समाज के हर वर्ग के विकास और उनके जीवन को बेहतर बनाने का काम किया।

उन्हाेंने कहा कि नीतीश कुमार की लागू की गई योजनाओं का लाभ आज समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है ऐसे में पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार को इसका लाभ मिलेगा और वो लगातार चाैथी बार इस सीट से जीत का परचम फहराने में कामयाब होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story