गरीब परिवारों के भरोसे की ढाल बनी नीतीश सरकार, जीविका दीदियों के लिए बीमा सुरक्षा उत्सव शुरू: जदयू

WhatsApp Channel Join Now
गरीब परिवारों के भरोसे की ढाल बनी नीतीश सरकार, जीविका दीदियों के लिए बीमा सुरक्षा उत्सव शुरू: जदयू


पटना, 08 अप्रैल (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा एवं मीडिया पैनलिस्ट किशोर कुणाल ने बुधधार काे बयान जारी कर कहा कि बिहार सरकार द्वारा राज्य की एक करोड़ जीविका दीदियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में उठाया गया यह ऐतिहासिक कदम अत्यंत सराहनीय, संवेदनशील और दूरदर्शी पहल है। यह केवल एक बीमा अभियान नहीं, बल्कि बिहार की ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने का सशक्त संकल्प है।

उन्हाेंने कहा राज्य सरकार ने इस वर्ष जीविका से जुड़ी एक करोड़ दीदियों का बीमा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसके लिए 15 अप्रैल के बाद से सभी ग्राम पंचायतों में बीमा सुरक्षा उत्सव के रूप में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं को भी सुरक्षा, सम्मान और भरोसे का मजबूत कवच देना चाहती है। वर्तमान में 72 लाख जीविका दीदियों का बीमा होना इस बात का संकेत है कि यह योजना जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी रही है और अब इसे एक नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण को केवल नारों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उसे योजनाओं, कार्यक्रमों और ठोस परिणामों के माध्यम से जमीन पर उतारा गया है। जीविका माॅडल आज पूरे देश में बिहार की पहचान बन चुका है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ-साथ अब उनके जीवन और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह कदम बिहार सरकार की मानवीय और समावेशी सोच का परिचायक है।

15 अप्रैल से 31 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर चलने वाला यह विशेष अभियान केवल बीमा कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जागरूकता, सहभागिता और सामाजिक भरोसे का भी बड़ा माध्यम बनेगा, जिन परिवारों को पहले बीमा योजना का लाभ मिला है, उन्हें भी इस अभियान का हिस्सा बनाकर अन्य दीदियों को प्रेरित किया जाएगा। अब तक लगभग दस हजार परिवारों को बीमा का लाभ मिलना इस योजना की विश्वसनीयता और उपयोगिता को सिद्ध करता है।

उन्हाेंने कहा बिहार में विकास का अर्थ केवल सड़क, पुल और भवन निर्माण नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और मेहनतकश वर्गों को सुरक्षा और सम्मान देना भी है। एक करोड़ जीविका दीदियों के बीमा का यह अभियान बिहार सरकार की उसी लोक कल्याणकारी राजनीति का जीवंत उदाहरण है, जिसमें गरीब का हित सर्वोपरि है और महिला सशक्तिकरण विकास का केंद्रीय आधार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story