बिहार में सुशासन और कानून का राज हुआ मजबूत, विपक्ष फैला रहा भ्रम : नवल शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
बिहार में सुशासन और कानून का राज हुआ मजबूत, विपक्ष फैला रहा भ्रम : नवल शर्मा


पटना, 20 मई (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता नवल शर्मा ने बुधवार को कहा कि बिहार में सुशासन और कानून के राज की जो मजबूत परंपरा नीतीश कुमार ने स्थापित की है, उसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

जदयू प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि बिहार सरकार अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई, पुलिस प्रशासन की सक्रियता और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की सख्ती के कारण अपराधियों में भय का माहौल बना है और आम जनता स्वयं को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है।

नवल शर्मा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता वास्तविक स्थिति को अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रहा है, जबकि जमीन पर प्रशासन लगातार सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में स्थिर प्रशासन और सुशासन की वजह से विकास कार्यों को गति मिली है तथा लोगों का सरकार और प्रशासन पर विश्वास मजबूत हुआ है। राज्य सरकार का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा माहौल बनाना भी है जिसमें आम नागरिक खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने, अपराध नियंत्रण तंत्र को मजबूत करने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी आपराधिक घटना पर तत्काल कार्रवाई हो और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story