दानवीर भामाशाह का जीवन निस्वार्थ सेवा, उदारता और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण: निशांत कुमार

WhatsApp Channel Join Now
दानवीर भामाशाह का जीवन निस्वार्थ सेवा, उदारता और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण: निशांत कुमार


-जदयू प्रदेश कार्यालय में मनाई गई दानवीर भामाशाह की जयंती-भामाशाह की जयंती पर नीतीश और निशांत संग दोनों उपमुख्यमंत्री हुए शामिल

पटना, 26 अप्रैल (हि.स.)। पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में व्यवसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को दानवीर एवं शूरवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, निशांत कुमार सहित दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने भामाशाह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके त्याग, समर्पण तथा राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि जब भी दानवीरता और राष्ट्रभक्ति की बात होती है, भामाशाह का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि जब महाराणा प्रताप अकबर के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, उस कठिन समय में भामाशाह ने न केवल अपनी पूरी संपत्ति दान कर दी, बल्कि अपने दोनों पुत्रों को भी मातृभूमि की रक्षा के लिए सेना में भेजा, जो आगे चलकर वीरगति को प्राप्त हुए।

उन्होंने कहा कि भामाशाह का जीवन हमें यह सिखाता है कि धन की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका उपयोग समाज और राष्ट्रहित में किया जाए। उनका जीवन निस्वार्थ सेवा, उदारता और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है।

जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें विकसित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में कार्य करना चाहिए। उनके आदर्शों और नीतियों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज की बेहतरी के लिए समर्पित भाव से काम करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि भामाशाह राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। मुगलों के खिलाफ संघर्ष में उनका योगदान अतुलनीय है और उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान पार्षद सह कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ ने की, जबकि मंच संचालन चंदन कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, राष्ट्रीय महासचिव अशोक चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सचिव राजीव रंजन प्रसाद, लेशी सिंह, रत्नेश सदा, शीला मंडल, महेश्वर हजारी सहित व्यवसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story