एनडीए के सभी घटक दल संयुक्त रूप से चलाएं अभियान: नीतीश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
एनडीए के सभी घटक दल संयुक्त रूप से चलाएं अभियान: नीतीश कुमार


पटना, 30 सितंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 7, सर्कुलर रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पार्टी नेताओं से विधान परिषद् की आठ सीटों पर हो रहे स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव का जायजा लिया और उन्हें जरूरी निर्देश दिए।

इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चाैधरी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री एवं विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय गांधी, मंत्री अशोक चाैधरी, मंत्री जमां खां, मंत्री श्वेता गुप्ता, विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी, विधायक ललित नारायण मंडल आदि उपस्थित रहे।

नीतीश कुमार ने पार्टी नेताओं से कहा कि सभी आठ सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी घटक दल एक साथ चुनाव अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने पिछले दो दशकों में बिहार को बदलते देखा है। हमलोगों का काम ही हमारी पूंजी है। लोगों के बीच पूरे विश्वास के साथ जाएं और उनके सुख-दुख के साथी बनें। इस दौरान उन्होंने एनडीए के सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं भी दीं।

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि विधान परिषद् की सभी आठ सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित है। इस चुनाव में सभी मतदाता बौद्धिक वर्ग से आते हैं। वे अच्छी तरह समझ सकते हैं कि शिक्षा के क्षेत्र में एनडीए सरकार ने कितने कार्य किए हैं। हमारे नेता नीतीश कुमार जी ने शिक्षा को हमेशा अपनी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रखा है।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चाैधरी ने कहा कि बिहार सरकार के बजट का सबसे बड़़ा हिस्सा शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास और विभिन्न छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन योजनाओं के लिए दिया जाता है। हमलोगों ने एक ओर शिक्षकों की हर जरूरतों का ध्यान रखा है तो दूसरी स्नातकों के लिए राज्य में ही कई तरह के अवसर पैदा किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story