हर वर्ग के कल्याण और सभी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार

WhatsApp Channel Join Now
हर वर्ग के कल्याण और सभी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए सरकार प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार


पटना, 24 अगस्त (हि.स.)। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने जनतादलयूनाईटेड(जदयू)के प्रदेश कार्यालय में आयाेजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकाराें से बात करते हुए कहा कि नीतीश कुमार हमेशा कहते हैं कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। उनके इसी विचार के अनुरूप बिहार सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जल संसाधन विभाग बाढ़ की हर चुनौती को लेकर पूरी तरह सजग और मुस्तैद है तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव आज पूरी तरह से मुद्दाविहीन हो चुके हैं। इसलिए वे तथ्यहीन एवं अनर्गल आरोप लगाकर केवल सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे हैं। राजधानी पटना से राघोपुर जाने के लिए लोगों को पहले किन कठिनाइयों और परेशानियों का सामना करना पड़ता था, यह किसी से छिपा नहीं है। आज नए सिक्स लेन पुल के निर्माण के बाद पटना से राघोपुर की दूरी महज 15 से 20 मिनट में तय हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार हर वर्ग के कल्याण और बिहार के सभी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीए सरकार रिलीफ, रेस्क्यू और रिकंस्ट्रक्शन के सिद्धांत के आधार पर पूरी गंभीरता और योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। जिन क्षेत्रों में वर्तमान में बाढ़ की स्थिति है, वहां जल संसाधन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक पुनर्निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story