बांका के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जवाहर कुमार झा कांग्रेस में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
बांका के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जवाहर कुमार झा कांग्रेस में शामिल


पटना, 23 जून (हि.स.)। बांका विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी एवं सामाजिक कार्यकर्ता जवाहर कुमार झा ने मंगलवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम उपस्थित रहे।

जवाहर कुमार झा ने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बांका विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उनके कांग्रेस में शामिल होने को बांका क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने जवाहर कुमार झा का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस उन सभी सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का स्वागत करती है जो लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा जनता की आवाज को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जवाहर कुमार झा के कांग्रेस परिवार में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और बांका सहित आसपास के क्षेत्रों में पार्टी के जनाधार को विस्तार देने में सहायता मिलेगी।

राजेश राम ने विश्वास व्यक्त किया कि जवाहर झा का सामाजिक और राजनीतिक अनुभव संगठन के लिए उपयोगी साबित होगा तथा वे पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जवाहर कुमार झा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक परंपराओं और जनसेवा के संकल्प से प्रेरित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का भरोसा दिया।

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें बैद्यनाथ शर्मा, मनोज शर्मा, कमलदेव नारायण शुक्ला, राहुल चौहान, अमित आनंद, उदय शंकर पटेल, सतेंद्र कुमार सिंह और शशि कुमार सिंह शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story