वामपंथी उग्रवाद मुक्त क्षेत्रों में सामुदायिक सहभागिता एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष जोर
पटना, 25 नवंबर (हि.स.)। वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ब्लयूई ) मुक्त क्षेत्रों में विकास कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बुधवार काे गृह विभाग में गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजीव कुमार की अध्यक्षता तथा गृह विभाग के प्रधान सचिवे पंकज कुमार की उपस्थिति में बैठक हुई। मौके पर अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन व विशेष सचिव, गृह विभाग क्षत्रनील सिंह मौजूद रहे।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गया, औरंगाबाद, जमुई एवं लखीसराय जिले के जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव से मुक्त हुए क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने तथा सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। संयुक्त सचिव ने संबंधित जिलों में विकासात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी चार जिलों के जिला पदाधिकारियों को सर्विस सेंटर की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। साथ ही, इन क्षेत्रों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने, युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके लिए रोजगारपरक एवं सहभागितापूर्ण अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार, आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क एवं मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सड़क निर्माण और मोबाइल टावरों की स्थापना जैसे आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक के दौरान पूर्व में वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में विकास एवं सुरक्षा के बीच समन्वय स्थापित करते हुए प्रशासनिक पहुंच को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया। साथ ही, नए आपराधिक कानूनों की वर्तमान स्थिति एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

