25 से 28 जुलाई के बीच बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
पटना, 23 जुलाई (हि.स.)। बिहार में कुछ दिनाें से हाे रही हलकी बारिश से लाेगाें काे भीषण गर्मी से राहत मिली है। इस बीच अगले 48 घंटे में भारी बारिश हाे सकती है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 25 से 28 जुलाई के बीच बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
विभाग ने बिहार के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर में अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
वहीं मौसम विभाग ने 28 जुलाई को पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सीवान समेत कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जतायी है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

