स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराएगा स्वास्थ्य विभाग: निशांत

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) की अनुशंसा पर चयनित 7,348 स्टाफ नर्सों की पदस्थापना पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त स्टाफ नर्सों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि स्टाफ नर्सों में 4,888 महिला एवं 2,460 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं, जो एक माह के अंदर राज्य के विभिन्न मेडिकल काॅलेजों, अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएँ प्रारंभ करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि यह नियुक्ति न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, बल्कि बिहार में नौकरी एवं रोजगार की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके लिए हमारी सरकार और हमारा विभाग कृतसंकल्पित है।

उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराकर आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध इलाज सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति के साथ-साथ हम आवश्यकतानुसार नए पदों के सृजन की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं, जिसका लाभ बिहार के युवाओं को मिलेगा।

निशांत ने सभी नवनियुक्त स्टाफ नर्सों के लिए जारी अपने संदेश में कहा कि आप निश्चिंत होकर अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। आपके हितों का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story