बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाएगी राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद : निशांत

WhatsApp Channel Join Now
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाएगी राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद : निशांत


बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाएगी राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद : निशांत


पटना, 09 नवंबर (हि.स.)। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और व्यावसायिक मानकों को सुदृढ़ करने में राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परिषद के क्रियाशील होने के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सोमवार को पटना में कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। परिषद के माध्यम से संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र के पेशेवरों के लिए पारदर्शी और प्रभावी नियामक व्यवस्था विकसित की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परिषद का गठन राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 (एनसीएएचपी एक्ट-2021) के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य राज्य में संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों के विकास, पंजीकरण और नियमन के साथ उनके व्यावसायिक मानकों को सुनिश्चित करना है। परिषद इन पेशेवरों के पंजीकरण और राज्य रजिस्टर के रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता केवल चिकित्सकों और चिकित्सा सुविधाओं तक सीमित नहीं है। इसमें फिजियोथेरेपी, मेडिकल लैबोरेटरी साइंस, रेडियोलॉजी और ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान है। इन क्षेत्रों में कार्यरत पेशेवरों की योग्यता, दक्षता तथा निर्धारित शैक्षणिक और व्यावसायिक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना जरूरी है। परिषद के माध्यम से इन सभी क्षेत्रों में पेशेवर गुणवत्ता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में प्रशिक्षित एवं योग्य मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। परिषद के तहत स्वायत्त बोर्ड और सलाहकार बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी जारी है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि परिषद के अध्यक्ष, सदस्यों, अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों के सामूहिक प्रयास से बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने परिषद के सफल संचालन की कामना करते हुए कहा कि यह पहल विकसित और सशक्त बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story