प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को बिहार सरकार ने किया धरातल पर लागू, ईंधन बचत पर विशेष जोर: प्रेम रंजन पटेल
पटना, 14 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर खाड़ी देशों में उत्पन्न संकट एवं वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की संभावित आपूर्ति प्रभावित होने की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार द्वारा ईंधन बचत तथा संसाधनों के संयमित उपयोग की दिशा में उठाया गया कदम अत्यंत सराहनीय, दूरदर्शी एवं जनहितकारी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित बिहार सरकार के मंत्रियों द्वारा सरकारी वाहनों के उपयोग को सीमित करना, अनावश्यक यात्रा से बचना तथा पेट्रोलियम पदार्थों की बचत का करना प्रारम्भ केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि जनता को जागरूक करने वाला प्रेरणादायी संदेश है। खाड़ी देशों में युद्ध तथा तनाव के कारण ऊर्जा संकट की चुनौती का सामना उत्पन्न अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से आज पुरी दुनिया कर रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से संयम, बचत और राष्ट्रहित में सहयोग का आह्वान उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव संकट के समय देश को सुरक्षित रखने, आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देने तथा संसाधनों के संतुलित उपयोग के पक्षधर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा बल्कि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर यह साबित किया है कि नेतृत्व वही प्रभावी होता है जो पहले स्वयं पालन करे और फिर समाज से अपेक्षा करे। यह कदम आने वाले समय में आम लोगों के बीच ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि आज जरूरत है की प्रत्येक नागरिक भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अनावश्यक वाहन उपयोग कम करे, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दे, ईंधन की बचत करे तथा देश की आर्थिक मजबूती में अपना योगदान दे। पेट्रोलियम पदार्थों की बचत केवल आर्थिक विषय नहीं बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
बिहार सरकार का यह निर्णय स्पष्ट करता है कि सरकार केवल विकास ही नहीं बल्कि संकट के समय राष्ट्रहित में अनुशासन, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भी परिचय देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, ऊर्जा सुरक्षा और मजबूत आर्थिक व्यवस्था की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा बिहार सरकार उसी संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

