सम्राट सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री का भाजपा अध्यक्ष ने किया अभिनंदन
पटना, 25 जुलाई (हि.स.)।
बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल को परिवर्तन, प्रगति और सुशासन की नई शुरुआत बताते हुए कहा कि अल्प समय में सरकार ने विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर बिहार को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल 100 दिनों का कार्यकाल नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।
संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार ने 11 सैटेलाइट टाउनशिप के विकास का निर्णय लेकर शहरीकरण को नई गति देने का मार्ग प्रशस्त किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया गया है। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए त्वरित स्वीकृति प्रणाली लागू कर निवेश और रोजगार सृजन का वातावरण तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। पटना एम्स के विस्तार की प्रक्रिया को गति देकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं बिहार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हब के रूप में विकसित करने की दिशा में उठाए गए कदम राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे। साथ ही 100 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का निर्णय न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रदेश अध्यक्ष सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लिए गए ये सभी निर्णय स्पष्ट करते हैं कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है। भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास, सुशासन और जनविश्वास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सफल 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए विकसित, समृद्ध और सक्षम बिहार के निर्माण के संकल्प को दोहराया। संजय सरावगी ने कहा कि फैसले अनेक, लक्ष्य एक समृद्ध, सक्षम और विकसित बिहार के संकल्प के साथ राज्य सरकार आगे भी जनहित, सुशासन और विकास की गति को और अधिक तेज करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

