गंगा नदी के उच्चतम जलस्तर पार करने की संभावना को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट, निचले इलाकों में विशेष सतर्कता के निर्देश
पटना, 03 सितंबर (हि.स.)। जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ घंटों में पटना में गंगा नदी के अपने उच्चतम जलस्तर को पार करने की संभावना है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
दक्षिण बिहार की प्रमुख नदियों सोन, पुनपुन एवं दरधा के जलस्तर में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। संभावित परिस्थितियों को देखते हुए प्रधान सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग श्री संतोष कुमार मल्ल ने पटना सहित नालन्दा, भोजपुर, वैशाली, सारण, बेगूसराय, लखीसराय एवं जहानाबाद के जिला पदाधिकारियों को आवश्यक सावधानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
निचले इलाकों में विशेष सतर्कता
प्रशासन द्वारा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को संभावित जलस्तर वृद्धि के संबंध में सतर्क करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी सूचना का व्यापक प्रसार करने को कहा गया है। इसके लिए मीडिया, सोशल मीडिया एवं माइकिंग के माध्यम से आम लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा।
आम नागरिकों से अपील की गई है कि नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। विशेष रूप से नदी में स्नान करने, तैराकी करने, सेल्फी लेने अथवा नौकायन जैसी गतिविधियों से पूरी तरह परहेज करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
एसपीओ के अनुरूप होगी कार्रवाई
संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित जिलों को बाढ़ आपदा प्रबंधन की मानक संचालन प्रक्रिया (एसपीओ) के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की सहायता से प्रभावित अथवा जोखिम वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।
तटबंधों की सतत निगरानी
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जल संसाधन विभाग की सभी टीमों को अलर्ट मोड पर रहने तथा तटबंधों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने को कहा गया है। प्रशासन द्वारा आम लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन पूरी सतर्कता बरतें तथा जलस्तर में वृद्धि अथवा बाढ़ से संबंधित किसी भी आधिकारिक सूचना एवं निर्देश का पालन करें
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

