भाजपा ने गरीब, वंचित और अति पिछड़े समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया : डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने गरीब, वंचित और अति पिछड़े समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया : डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी


भाजपा ने गरीब, वंचित और अति पिछड़े समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया : डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी


-पटना में अति पिछड़ा सम्मेलन का भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में जुटे समाज के लोग

पटना, 22 जून (हि.स.)। राजधानी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित अभिनंदन सह आभार समारोह एवं अति पिछड़ा सम्मेलन में बिहार सरकार के खान, भूतत्व एवं कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने अपने कार्यों के माध्यम से यह सिद्ध कर दिया है कि गरीब, वंचित, पिछड़े और अति पिछड़े समाज के उत्थान के लिए सबसे अधिक प्रतिबद्ध राजनीतिक दल भाजपा है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि वर्षों तक कुछ राजनीतिक दलों ने यह धारणा बनाने का प्रयास किया कि भाजपा केवल बड़े और संपन्न वर्गों की पार्टी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने इस मिथक को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की योजनाओं का लाभ समाज के उन वर्गों तक पहुंच रहा है, जो लंबे समय तक विकास की प्रक्रिया से वंचित रहे थे।

मंत्री ने कहा कि देश ने पहली बार ऐसे प्रधानमंत्री को देखा है, जो एक साधारण और गरीब परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बनाया। इसी सोच का परिणाम है कि केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।

डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों के बैंक खाते खोले गए, जिससे उन्हें देश की औपचारिक आर्थिक व्यवस्था से जोड़ा गया। इससे न केवल वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ। इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाई गई, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार आया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिजली, आवास, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। हर घर बिजली पहुंचाने की पहल, करोड़ों शौचालयों का निर्माण और गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं ने देश के सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य में व्यापक परिवर्तन लाया है। इन योजनाओं का सबसे अधिक लाभ अति पिछड़े, पिछड़े, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिला है।

मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास को केवल राजनीतिक नारा नहीं रहने दिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारकर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। यही कारण है कि आज समाज का हर वर्ग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जता रहा है और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।

डॉ. चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में जननायक कर्पूरी ठाकुर का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक उनके नाम पर राजनीति की, उन्होंने उन्हें वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे वास्तविक हकदार थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर न केवल एक महान समाजवादी नेता का सम्मान किया, बल्कि करोड़ों गरीब, पिछड़े और वंचित लोगों के आत्मसम्मान को भी नई पहचान दी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (ओबीसी आयोग) को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा समाज को मजबूत आधार प्रदान किया है। यह निर्णय सामाजिक न्याय और समान अवसर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उनके विचारों और योगदान को स्थायी सम्मान देने का कार्य किया गया है। इससे नई पीढ़ी को संविधान निर्माता के जीवन और संघर्षों से प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है।

सम्मेलन में वक्ताओं ने अति पिछड़ा समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सशक्तिकरण, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बढ़ती भूमिका पर भी चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकता, विकास और समावेशी राजनीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण निषाद, सांसद राधामोहन सिंह, सांसद प्रदीप सिंह, राज्यसभा सांसद शंभूशरण पटेल, राज्यसभा सांसद धर्मशीला देवी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन में अति पिछड़ा समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम को व्यापक सामाजिक समर्थन प्राप्त हुआ।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story